मेंहदावल। क्षेत्र के बढ़या ठाठर के पास से पुलिस ने रविवार देर शाम अंतरजनपदीय शराब तस्कर को पकड़ने में सफलता हासिल की। तलाशी में उसके पास से 205 शीशी देसी शराब बरामद की गई।
एसओ विजय कुमार दुबे ने बताया कि सूचना के आधार पर रविवार देर शाम बढ़या ठाठर पुल के पास गाड़ा बंधी की गई। उसी दौरान विपरीत दिशा से एक बोरा लेकर आते हुए आरोपी दिखाई दिया। जिसे पुलिसकर्मियों ने पकड़ा। उप निरीक्षक दद्दन राय कांस्टेबल, मिथिलेश शर्मा तथा राजीव गुप्ता ने बोरे की तलाशी ली तो उसमें 205 शीशी देसी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रभाकर यादव निवासी महावनखोर थाना कैंपियरगंज जनपद गोरखपुर का निवासी बताया। आरोपी ने बताया कि गांधी जयंती पर शराब की दुकान बंद रहने के कारण वह गोरखपुर जनपद से मेंहदावल क्षेत्र में देसी शराब बेचने आ रहा था। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।
बखिरा क्षेत्र में धडल्ले से हो रहा जुआ
बखिरा। बखिरा कस्बा व आस पास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर धडल्ले से जुआ खेला जा रहा है। जुआरियों को पकड़ने में पुलिस सुस्त है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
क्षेत्रीय निवासी बलराम, रामकुमार, राजू, राजेश जयसिंह, बसंत, प्रमोद ने बताया कि कस्बा के सहजनवा चौराहे, इंटर काॅलेज का मैदान, मंगल बाजार, नाऊ टोला, ठठेरी मुहल्ला, अमरडोभा, परतिया, गौरा, लेड्डआ महुआ, हारापट्टी, सई बुजुर्ग समेत मेडरापार स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर, तिलाठी, महला, संतोषपुर आदि गांवों मे धडल्ले से जुआ खेला जा रहा है। लोगों की शिकायत है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नही कर रही है। जबकि जुआ की लत से युवाओं का कॅरियर बेकार हो रहा है। लोगो ने प्रशासन से जुआ पर रोक लगाने की मांग किया है। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि एसओ को निर्देश दिया गया है कि जहां कहीं जुआ खेलने की सचना मिले,वहां छापा मार कर जुआ खेलने वालों को पकड़ कर कार्रवाई करें। संवाद