- एसडीएम ने करमैनी-बेलौली तटबंध का जाना हाल
- बुधवार को राप्ती नदी का जलस्तर 76.40 सेंटी मीटर मापा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र के करमैनी-बेलौली तटबंध का बुधवार को एसडीएम मेंहदावल ने निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रेनेज खंड के अधिकारियों को रेन कट भरने और राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
बुधवार को एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव करमैनी-बेलौली तटबंध का निरीक्षण करने पहुंचे। एसडीएम ने किलोमीटर जीरो से किलोमीटर आठ तक निरीक्षण किया, वहीं कटान स्थल नौगो का हाल जाना। यहां बांध के अगल-बगल लगे झाड़ को साफ करने के निर्देश दिए। वहीं अति संवेदनशील कटान स्थल जोरवा विशुनपुर वागर तिवारीपुर में कटान को रोकने के लिए ड्रेनेज खंड द्वितीय द्वारा कराए गए कार्यों का जायजा लिया।
एसडीएम ने रिसाव को रोकने के लिए विभाग द्वारा बोरी की भराई की व्यवस्था को देखा। डुमरिया बाबू तथा बेलौली पहुंच कर कटान स्थलों की अवर अभियंता से जानकारी ली। अब तक हुए बाढ़ निरोधक कार्य और जलस्तर बढ़ने पर तटबंध को बचाने के लिए की जा रही व्यवस्था की जानकारी ली।
वर्तमान समय में राप्ती नदी का जलस्तर 76.40 बताया गया, जबकि मंगलवार को राप्ती का जलस्तर 76.23 सेंटीमीटर रहा। 24 घंटे में नदी करीब 18 सेंटीमीटर बढ़ी पाई गई। एसडीएम ने बांध पर तैनात अवर अभियंताओं को रात्रि विश्राम तटबंध पर करने के निर्देश दिए।