संतकबीरनगर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कार्य कर रहे 22 पुरूष कर्मचारियों की जल्द ही सेवा समाप्त हो जाएगी। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने इन संविदा कर्मियों का नवीनीकरण न करने का निर्देश दिया है, जिससे इन कर्मियों की परेशानी बढ़ गई है।
जिले में सात ब्लॉकों में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित है। जिसमें खलीलाबाद, हैंसर, नाथनगर, मेंहदावल, बघौली, सांथा और सेमरियावां में विद्यालय चल रहे हैं। इन विद्यालयों में 12 अनुचर, छह पार्ट टाइम शिक्षक और पांच लेखाकार पुरूष वर्ग के कार्यरत हैं। इसके अलावा वार्डन समेत अन्य सभी पदों पर महिला कर्मी तैनात हैं।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा अभियान ने निर्देश दिया है कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में समस्त पदों पर महिला कर्मियों की ही तैनाती की जानी है। पुरूष कर्मियों की तैनाती नहीं होनी है। ऐसे में इस सत्र से महिला कर्मियों का ही नवीनीकरण किया जाए।
महानिदेशक का पत्र आने के बाद इन संविदा कर्मियों के सामने रोजी रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। कुछ कर्मियों ने बताया कि वे लोग कस्तूरबा गांधी विद्यालय में वर्ष 2007 से कार्यरत है। ऐसे में उनकी उम्र बीत चुकी है अब उन्हें कहा नौकरी मिलेगी। सरकार के इस निर्णय को वापस लेना चाहिए। जिससे की वे लोग अपने परिवार का भरण पोषण कर सके।
कस्तूरबा विद्यालयों में तैनात पुरूष लेखाकर, अनुचर, पार्ट टाइम शिक्षक का नवीनीकरण न करने का निर्देश मिला है। कस्तूरबा में सिर्फ महिला कर्मी ही रखी जाएंगी। शासन का जो निर्देश होगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- अतुल कुमार तिवारी, बीएसए