सेमरियावां। केंद्रीय एवं राज्य वित्त आयोग मद से अप्रैल में सबसे ज्यादा धनराशि खर्च करने वाली ग्राम पंचायतों की जांच की जाएगी। जांच के दायरे में ब्लॉक में सबसे ज्यादा खर्च करने वाले तीन गांवों को लिया गया है। नौ ब्लॉक के कुल 27 गांव की जांच होगी। डीपीआरओ ने जनपद के सभी ब्लॉक के एडीओ पंचायत व जेई से खर्च की गई धनराशि के सापेक्ष कार्यों का स्थलीय सत्यापन कर जांच आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। सभी ब्लाॅक के एडीओ पंचायत के साथ डीपीआरओ ने सेमरियावां ब्लॉक के एडीओ पंचायत को पत्र देकर दिशा निर्देश दिया है।
डीपीआरओ प्रमोद कुमार यादव ने ई- ग्राम स्वराज पोर्टल पर उपलब्ध रिपोर्ट के परीक्षण के आधार पर अप्रैल 2023 में सबसे ज्यादा धनराशि खर्च करने वाली ग्राम पंचायतों में खर्च धनराशि के सापेक्ष कार्यों का स्थलीय सत्यापन और अभिलेखों का परीक्षण करते हुए एक पक्ष के अंदर स्पष्ट आख्या मांगी है। इसके लिए संबंधित ब्लॉक के एडीओ पंचायत और कंसल्टिंग इंजीनियर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीपीआरओ ने निर्देश दिया है कि अभिलेखों के आधार जो धनराशि जिन कार्यों पर खर्च की गई है वह कार्य मौके पर हुए हैं अथवा नहीं, और कार्य की गुणवत्ता कैसी है। यह सब जांच आख्या में उपलब्ध होना चाहिए। इसके अलावा एक चेक लिस्ट दी गई है, जिसमें ग्राम पंचायत सचिवालय, सामुदायिक शौचालय, जन्म मृत्यु कुटुम्ब रजिस्टर, प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय कायाकल्प संबंधी बिंदुओं पर जांच आख्या उपलब्ध कराना होगा।
इसके लिए एक पक्ष का समय निर्धारित किया गया है। डीपीआरओ प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि यदि समय से जांच कर आख्या उपलब्ध नहीं कराई गई तो शासकीय धनराशि के दुर्विनियोग में एडीओ पंचायत व कंसल्टिंग इंजीनियर की संलिप्तता मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।
0000000000
इन गांवों में होगी जांच
सेमरियावां ब्लॉक के थुरंडा, रजापुर सरैया, सालेहपुर, बघौली ब्लॉक के जूरी, पैकवलिया, पुरैना, बेलहर कला ब्लॉक के जंगल दशहर, पवरिहा, बूढ़ी बेलहर, हैंसर बाजार ब्लॉक के सिरसी खास, तर्कवलिया नायक, भरवल पर्वता, खलीलाबाद ब्लॉक के गिरथरपुर, बनकटियां, उपरौध, मेंहदावल ब्लॉक के विसौवा, नंदौर, तुनियहवा, नाथनगर ब्लॉक के मानपुर, छितही, रेवटा, पौली ब्लॉक के पौली, मकदूमपुर, प्रशस्त, सांथा ब्लॉक झुड़िया, धर्मसिंहवां, मेंहदूपार शामिल है।