- कृषि विज्ञान केंद्र बगही पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज़ एजेंसी
संतकबीरनगर। कृषि विज्ञान केंद्र बगही पर रविवार को तकनीकी दिवस मनाया गया। इस दौरान कृषि क्षेत्र में नई तकनीकी के बारे में अवगत कराया गया।
केंद्र के प्रभारी डॉ संदीप सिंह कश्यप की अध्यक्षता हुए कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आज कृषि अनुसंधान का 95 वां स्थापना दिवस है। देश के वैज्ञानिकों को दिए गए दिशा-निर्देश एवं तकनीकी जानकारी जिले के सभी विकास खंडों और ग्रामों में हो। ऐसे में इसका प्रचार-प्रसार जरूरी है। उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान देकर किसानों की आय को बढ़ाया जा सकता है। उत्पादन लागत को घटाकर और उत्पादन में वृद्धि कर जल्द ही किसानों की आय दोगुनी की जा सकती है।
वैज्ञानिक कृषि अभियांत्रिकी डॉ. देवेश कुमार ने धान की खेती सुपर सीडर के द्वारा सीधी विधि से करने पर चर्चा की। साथ ही साथ ड्रम सीडर से धान की सीधी बुआई के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लेजर लैंड लेवलर का प्रयोग करके खेत को यदि समतल कर दिया जाए तो 25 से 30 प्रतिशत पानी की बचत के साथ 15 से 20 प्रतिशत उपज में वृद्धि होती है।
वैज्ञानिक वानिकी डॉ. तारुन कुमार ने वानिकी से किसानों को अवगत कराया। वैज्ञानिक कृषि प्रसार डॉ. राघवेंद्र विक्रम सिंह ने जुलाई में होने वाले कृषि कार्य एवं धान की रोपाई एवं खरपतवार नियंत्रण पर चर्चा की । इस अवसर पर चंद्रकांत मणि, चंद्र प्रकाश शुक्ल, विजय प्रताप सिंह, राम रतन भास्कर, लालजी यादव आदि उपस्थित रहे।