संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी सत्यजीत गुप्ता ने रविवार को औद्योगिक क्षेत्र में उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के कार्यालय पर उद्यमियों के साथ बैठक कर समस्याओं पर चर्चा की। उद्यमियों ने बिजली, सड़क, सफाई, पथ प्रकाश, पार्क, जल निकासी आदि की समस्याएं गिनाईं। डीएम ने उद्यमियों की समस्याएं दूर कराने का भरोसा दिया। इसके साथ ही मेंहदावल बाईपास के सुंदरीकरण कराने और औद्योगिक क्षेत्र के हर तिराहे पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने की हामी भरी।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि किसी भी जिले की पहचान वहां के उद्योगों के विकास से होती है। जनपद में औद्योगिक विकास का जो वातावरण बना है, उसमें जिला प्रशासन पूरी तरीके से सहयोग करने को तैयार है ।उद्यमियों की तरफ से जो भी समस्याएं बताई गई हैं, उसके समाधान का रोड मैप तैयार कर लिया गया है। अतिशीघ्र इसको पूरा कराया जाएगा। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने कहा की इंडस्ट्रियल एरिया की सुरक्षा के लिए सभी लोग अपनी अपनी फैक्ट्री के गेट पर सीसीटीवी कैमरा अवश्य लगवाए। जिससे किसी भी प्रकार की घटना को रोकने में मदद मिलेगी। यदि कोई वारदात होती है तो आरोपियों को पकड़ने में मदद मिलेगी। एसपी ने कहा अपने फैक्ट्री के आसपास साफ-सफाई अवश्य रखें। अध्यक्ष अरविंद पाठक ने औद्योगिक क्षेत्र का पूरा ब्यौरा डीएम के समक्ष रखा। संचालित इकाइयों के विषय में बारीकी से बताया। साथ ही साथ उन्होंने आश्वस्त किया की इंडस्ट्रियल के हर चौराहे पर सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा और साथ में एसोसिएशन मेंहदावल बाइपास चौराहे का सुंदरीकरण कराएगा। बैठक में उपायुक्त उद्योग राज कुमार शर्मा,नितिन जालान, सुभाष शुक्ला, विजय कुमार राय, अजय कुमार त्रिपाठी आदि मौजूद ।