- मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और ओडीओपी में उद्यमियों से मांगे गए आवेदन
- 50 औद्योगिक परियोजनाओं पर चल रहा काम
- सर्वे कर उद्यमियों की सुनीं जा रही समस्याएं
संतकबीरनगर। जनपद में उद्योगों की स्थापना के लिए अब तक 18.41 अरब का प्रस्ताव उद्योग विभाग को मिल चुका है। लगभग 50 औद्योगिक परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इन परियोजनाओं में 5233 युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) में 167 उद्योगों का लक्ष्य मिला है। जिसके लिए उद्यमियों से आवेदन मांगे गए हैं।
जनपद में औद्योगिक निवेश का ग्राफ बढ़ रहा है। कुछ समय पहले तक 14 अरब का औद्योगिक निवेश बढ़कर 18.41 अरब तक पहुंच गया है। कई नए उद्योग स्थापित हो चुके हैं तो कई निर्माणाधीन हैं। इन उद्योगों के धरातल पर उतरने से पांच हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
गोरखपुर के उद्यमी विकास केजरीवाल ने होटल और फार्मा उद्योग स्थापित करने के लिए 500 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इससे लगभग 400 युवाओं को रोजगार मिलेगा। वहीं मोहम्मद इरफान ने अस्पताल और मेडिकल काॅलेज स्थापना के लिए 350 करोड़ रुपये का निवेश किया है। अस्पताल बनकर तैयार है, ओपीडी शुरू हो गया है। इससे 12 सौ लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके अलावा उद्मी लक्ष्मीकांत राय ने आरके लक्ष्मी लाॅजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना के लिए 250 करोड़ का निवेश किया है, जो अभी निर्माणाधीन हैं। उद्योग के स्थापित होने से 400 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
अखिलेश नारायण अवस्थी के कपिला कृषि उद्योग की स्थापना के लिए 50 करोड़ रुपये का निवेश किया है। यहां उत्पादन शुरू हो गया है। ये उद्योग स्थापित होने से सौ से अधिक लोगों को रोजगार मुहैया हो रहा है। डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने सूर्या पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस की स्थापना के लिए 19 करोड़ रुपये का निवेश किया है, इसमें 95 लोगों को रोजगार मिलेगा। इन उद्योगों के अलावा अन्य कई उद्योग निर्माणाधीन हैं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेगे।
373.26 लाख से स्थापित होंगे 167 उद्योग
वर्ष 2024-25 के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में 167 उद्योगों का लक्ष्य मिला है। 373.26 लाख के वित्त पोषण से ये उद्योग स्थापित होंगे। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 216.26 लाख के वित्त पोषण से 111 उद्योग लगाए जाएंगे, जबकि ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ओडीओपी) के तहत 56 उद्योगों का लक्ष्य मिला है।
जनपद में अच्छे औद्योगिक माहौल होने से लगातार निवेश का ग्राफ बढ़ रहा है। अब तक 18.41 अरब के औद्योगिक निवेश का प्रस्ताव मिल चुका है। कुछ उद्योग तैयार होकर संचालित भी हो रहे हैं। लगभग 50 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इन परियोजनाओं के धरातल पर आने से 5233 युवाओं को रोजगार मिलेगा।
- राजकुमार शर्मा, उपायुक्त उद्योग