आकर्षक ढंग से मनेगा स्वतंत्रता दिवस
- डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
संतकबीरनगर। 15 अगस्त की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें आजादी का अमृत महोत्सव के तहत परंपरागत रूप से हर्षोल्लास एवं आकर्षक ढंग से स्वतंत्रता दिवस मनाने की रणनीति बनी।
डीएम दिव्या ने कहा कि जिले में यह परंपरा रही है कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में दिनभर विविध कार्यक्रमों का आयोजन होता है। जिसके लिए विभिन्न जनपद स्तरीय अधिकारियों को कार्यक्रम के सुचारु एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी सुनिश्चित की गई है। संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएंगे। जनपद में सुबह छह से आठ बजे तक प्रार्थना एवं प्रभातफेरी कार्यक्रम होगा। उसके बाद सभी सरकारी/गैर सरकारी इमारतों पर सुबह आठ बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। तिरगें के अभिवादन के साथ ही राष्ट्रगान के भावपूर्ण गायन की व्यवस्था की गई है। शाम के समय सूर्यास्त होने से पहले राष्ट्रीय ध्वज को उतारने की भी व्यवस्था की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 एवं 15 अगस्त की रात में सरकारी भवनों, इमारतों एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े एतिहासिक इमारतों को भी प्रकाशमान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरा देश आदर एवं प्रेम की भावना के साथ आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इसी क्रम में इस बार 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा सप्ताह मनाया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, एसपी सोनम कुमार, एडीएम मनोज सिंह, सीडीओ अतुल मिश्र, एएसपी संतोष सिंह, सीएमओ डॉ अनिरुद्ध सिंह, डीडीओ सुदामा प्रसाद, सीओ राम प्रकाश, डीआईओएस मनमोहन शर्मा, बीएसए अतुल तिवारी समेत अन्य मौजूद थे।