सेमरियावां में बुखार, खांसी के मरीजों की बढ़ी भीड़
बुधवार को 350 से 400 मरीज इलाज के लिए पहुंचे
सेमरियावां। मौसम में बदलाव के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। साथ ही बच्चों में वायरल फीवर का प्रकोप भी बढ़ गया है। यहां बड़ी संख्या में बुखार, खांसी के मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए सेमरियावां ब्लॉक के साथ जनपद के बघौली, बेलहर कला, सांथा, बस्ती जनपद के साऊंघाट, रुधौली आदि ब्लॉक के सेमरियावां ब्लॉक से सटे गांवों के लोग इलाज के लिए आते हैं। सेमरियावां के 192 राजस्व गांव समेत इस हॉस्पिटल पर पांच लाख से अधिक जनसंख्या इलाज के लिए आश्रित है। बुधवार को सेमरियावां सीएचसी में ओपीडी में 350-400 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इसमें 300 के करीब मरीज बुखार, खांसी, सांस फूलने वाले शामिल हैं। इसमें ज्यादातर बच्चे थे। अस्पताल मरीजों से भरा पड़ा है। वहीं करीब एक सप्ताह से अस्पताल में प्रतिदिन 300-400 मरीज इलाज के लिए आते हैं। ओपीडी में सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्र, डॉ. आरके गौतम, डॉ. इश्तियाक अहमद मरीजों को परामर्श देने में लगे रहे। यहां इलाज के लिए आए मोहम्मद हारिस, जमाल अहमद, राम लाल, राम चंद्र आदि मरीजों ने बताया कि बुखार और सांस फूलने की समस्या से पीड़ित हैं।
चिकित्सक की सलाह
सीएचसी अधीक्षक एवं बालरोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश चंद्र ने बताया कि अस्पताल में बुखार, खांसी और सांस फूलने की समस्या वाले ज्यादा मरीज आ रहे हैं। मौसम बदलने से बच्चों और वयोवृद्धों में यूआरटीआई (संक्रमण) की ज्यादा समस्या है। इसके लिए तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। लोग अपने आसपास साफ सफाई रखें। मच्छरों के प्रकोप से बचें। इसके लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। ताजा खाना और पानी का इस्तेमाल करें।