परीक्षार्थियों के आवेदन पत्रों में हुई त्रुटि की जाएगी दुरुस्त
छात्र के नाम, पिता का नाम, जाति, जेंडर आदि दुरुस्त होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटमीडिएट के परीक्षार्थियों के आवेदन पत्रों में गलत आंकड़ों को अब ऑनलाइन संशोधन किया जाएगा। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट खोल दिया गया है। जिस पर संबंधित विद्यालय छात्रों के नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, जेंडर, जाति, फोटो व विषयों से संबंधित सूचना को संशोधित कर सकते हैं।
जिले में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए कुल 56436 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए है। इसमे हाईस्कूल के 30936 और इंटरमीडिएट के 25500 परीक्षार्थी शामिल है। इधर विलंब शुल्क के साथ आवेदन की तिथि 10 अक्तूबर तक बढ़ा दी गई है। पंजीकरण के बाद छात्रों की अंतिम संख्या निर्धारित होगी। जनपद के 280 स्कूलों ने बोर्ड परीक्षा में केंद्र बनाए जाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की बेवसाइट पर आवेदन किया है। इसके साथ ही छात्रों के आवेदन में लगातार त्रुटि सामने आ रही है। जिस पर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने त्रुटियों को सही कराने के लिए बेवसाइट पर आनलाइन उसे सही कराने का निर्देश दिया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के अपर सचिव विनोद कृष्ण ने छात्रों के आवेदन में त्रुटिपूर्ण शैक्षिक विवरणों को सही कराने का निर्देश दिया है। जिसमे छात्रों के नाम, पिता का नाम, माता का नाम, शैक्षिक विवरण, जन्म, पता आदि को सही किया जाएगा। इसके लिए बेवसाइट को खोल दिया गया है। डीआईओएस संदीप चौधरी ने बताया कि सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपने अपने छात्रों के आवेदन को चेक कर लें। उसमें त्रुटि हो तो उसे सही करा दें। जिससे बाद में परेशानी न हो।