- रजिस्टर का निरीक्षण व्यय प्रेक्षक के सामने प्रस्तुत होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर ने प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय लेखा रजिस्टर के निरीक्षण के संबंध में बताया है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी प्रत्याशियों को आयोग से निर्धारित प्रारूप पर रजिस्टर में रोजाना के निर्वाचन व्यय का लेखा-जोखा रखा जाना है। इस रजिस्टर का निरीक्षण व्यय प्रेक्षक के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। प्रेक्षक की सहमति से अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय रजिस्टर का प्रथम निरीक्षण लेखा मिलान 13 मई को सुबह 10 से सायं पांच बजे तक वरिष्ठ कोषाधिकारी कक्ष कोषागार कार्यालय, कलक्ट्रेट भवन में किया जाएगा।
इसी तरह द्वितीय निरीक्षण लेखा मिलान 17 मई को सुबह 10 से सायं पांच बजे तक व तृतीय निरीक्षण लेखा मिलान 22 मई को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक वरिष्ठ कोषाधिकारी कक्ष में किया जाना सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने सभी प्रत्याशियों को निर्धारित तिथि व समय पर स्वयं अथवा अपने निर्वाचन व्यय-अभिकर्ता के माध्यम से निर्वाचन व्यय रजिस्टर का निरीक्षण अनिवार्य रूप से कराने को कहा है।