- यूपी बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने को लेकर हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की परीक्षा 22 फरवरी से शुरू हो रही है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने को लेकर सोमवार को विकास भवन के रिसोर्स सेंटर में जोनल, सेक्टर, स्टेटिक व केंद्राध्यक्षों की बैठक हुई। जिसमे नकल विहीन परीक्षा कराने पर जोर दिया गया।
एडीएम जय प्रकाश ने कहाकि 22 फरवरी से परीक्षा शुरू हो रही है। ऐसे में परीक्षा डयूटी में लगे जोनल, सेक्टर व स्टेटिट मजिस्ट्रेट पूरी सतर्कता बरते। परीक्षा शुरू होने से लेकर खत्म होने तक निगरानी करें। कहीं से कोई भी शिकायत आती है तो तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा बंद पाया गया तो उसे केंद्राध्यक्ष के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी शशि शेखर सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंध रहेगी। परीक्षार्थियों की तलाश मुख्य गेट पर ही ली जाएगी। डीआईओएस संदीप चौधरी ने बताया कि सभी को प्रश्न पत्र खोलने और उत्तर पुस्तिकाओं के सील करने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जिले में 107 परीक्षा केंद्र बने है। जिस पर हाईस्कूल के 31094 और इंटरमीडिएट के 26904 परीक्षार्थी नामांकित है। इसके साथ ही सहायक केंद्राध्यक्ष भी लगाए गए है। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को तहसीलों में बने संकलन केंद्र पर समय से जमा कर देंगे। बैठक में एसडीएम शैलेश दुबे, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य सबीहा मुमताज, डॉ. राकेश सिंह, राम कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।