धर्मसिंहवा। नगर पंचायत क्षेत्र के गौरी राई से सेवाइचपार सड़क मार्ग की मरम्मत में मानकों की अनदेखी की जा रही है। सड़क पर बने गड्ढों में आवश्यकता अनुसार गिट्टी नहीं डाली जा रही है। मरम्मत कार्य ठीक से न किए जाने के कारण स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
क्षेत्र के शाहिद हुसैन, राजकुमार शर्मा, मन्नू यादव, रामचेत साहनी, अश्वनी त्रिपाठी, सद्दाम हुसैन, वीरेंद्र पाठक आदि ने बताया कि सड़क का मरम्मत कार्य ठीक से नहीं किया जा रहा है। सिर्फ खानापूर्ति करते हुए सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। लोगों ने बताया कि सड़क में जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। उन गड्ढों में आवश्यकता अनुसार गिट्टी नहीं डाली जा रही है। गिट्टी धूल डालकर उसी के ऊपर सड़क की मरम्मत कर दी जा रही है।
गौरतलब है कि यह सड़क नगर पंचायत धर्मसिंहवा से मेंहदावल-मेंहदूपार मार्ग को जोड़ती है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी किए जाने पर पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से ध्यान दिए जाने की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अधिकारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि जल्द ही निर्माण कार्य के गुणवत्ता की जांच की जाएगी। इसमे गडबड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।