- मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को परखा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मोहर्रम पर्व को लेकर बृहस्पतिवार को आईजी बस्ती परिक्षेत्र आरके भारद्वाज ने शहर का भ्रमण किया। इस दौरान ताजियेदारों से बातचीत की और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
आईजी ने कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के अंतर्गत मगहर, मधुकुंज तिराहा, खलीलाबाद करबला का निरीक्षण किया। इसके साथ ही ताजियादारों, स्थानीय व्यापारियों विभिन्न समुदाय के धर्मगुरुओं से मिलकर बातचीत की। उन्होंने मोहर्रम को लेकर हुई तैयारियों व सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।
आईजी ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सुझाव भी लिए। आईजी ने कहा कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान ना दें। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अविलंब संबंधित अधिकारी के मोबाइल नंबर या थाना व चौकी पर अवगत कराए।
इस दौरान एसपी सत्यजीत गुप्त, एएसपी संतोष सिंह, सीओ दीपांशी राठौर, कोतवाल सर्वेश राय समेत अन्य मौजूद रहे।