संतकबीरनगर। जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में एनसीसी का कोर्स चलेगा। इसके लिए जिले में एनीसीसी यूनिट की स्थापना होनी है। जिसके लिए कुल 3520 छात्र चाहिए जो एनसीसी का कोर्स कर सके। ऐसे छात्रों की तलाश के लिए सोमवार को डीआईओएस कार्यालय पर माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक डीआईओएस हरीशचंद नाथ की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभी प्रधानाचार्यों से ऐसे छात्रोें की सूची मांगी गई। डीआईओएस हरीशचंद नाथ ने कहाकि जिले में एनसीसी की यूनिट खोली जानी है। इसके लिए सीनियर डिवीजन में 1120 और जूनियर डिवीजन में 2400 छात्र चाहिए। अभी तक मात्र दो सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और छह वित्त विहीन विद्यालयों ने ही सूचना दी है। हर विद्यालय पर कम से कम जूनियर डिवीजन के लिए 50 कैडेट और सीनियर डिवीजन के लिए 80 कैडेट्स की सदस्यता जरूरी है। इसके लिए सभी विद्यालय अपनेे-अपने छात्रों की सदस्यता एनसीसी के लिए दिलाए। जिससे जिले में एनीसीसी बटालियन की स्थापना कराई जा सके। उन्होंने जल्द से जल्द छात्रों की सूची देने का निर्देश दिया है।