- महुली क्षेत्र के चंद्रौटी तिराहे पर स्थित मार्ट का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के चंद्रौटी तिराहे पर स्थित मेगा मार्ट दुकान में बुधवार देर रात आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। प्रोपराइटर के अनुसार अगलगी में लाखों का नुकसान हुआ है।
क्षेत्र के नोकता गांव निवासी रविन्द्र यादव की चंद्रौटी तिराहे पर मेगा मार्ट के नाम से दुकान है। रोज की तरह वह बुधवार की शाम को दुकान बंद करके घर चले गए। देर रात दुकान के अंदर से आग की लपट और धुंआ निकलता देख लोगों ने इसकी सूचना मालिक को दी। मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।
लोग बचाव कार्य में जुट गए लेकिन तब तक दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। किसी तरह से लोगों ने आग पर काबू पाया। दुकानदार रविन्द्र यादव ने बताया कि आग लगने से डेढ़ लाख से अधिक का सामान जलकर नष्ट हो गया है, जो जलने से बचा वह भीगने से बर्बाद हो गया है।