- 40 अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट, 12 पर गैंगस्टर की हुई कार्रवाई
- लोकसभा चुनाव में व्यवधान उत्पन्न करने वालों को चिह्नित कर हो रही पाबंदी की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में लोकसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस फरवरी माह से अभी तक 40 अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट व 12 के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की। साथ ही 540 हिस्ट्रीशीटर पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस उन पर नजर रख रही है। इसके अलावा किसी भी तरह का व्यवधान पैदा करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ पाबंदी की कार्रवाई तेज कर दी है।
जिले के विभिन्न स्थानों पर पुलिस अधिकारियों की देखरेख में पुलिस व सेंट्रल पैरा मिलिट्री फोर्स (सीपीएमएफ) फ्लैग मार्च कर रही है। विभिन्न वल्नरेबल व क्रिटिकल बूथों पर पैदल गश्त कर स्थानीय लोगों को सुरक्षा का अहसास करा रही है। लोकसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस ने 540 हिस्ट्रीशीटर का सत्यापन करके उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई बूथ स्तर पर तेज कर दी है। फरवरी माह से अभी तक पुलिस ने 40 अपरापियों पर गुंडा एक्ट व 12 के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की है। शेष सभी हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर मिनी गुंडा एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की।
मतदान में किसी प्रकार से भी मतदाताओं को डराने या प्रलोभन देने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों ने अभिसूचना एकत्रित करने का काम तेज कर दिया है। चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करने का मन बना चुकी है।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 540 हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन करके उनके विरूद्ध व्यापक निरोधात्मक कार्रवाई बूथ स्तर पर किया जा रहा है। जिले में 40 अपराधी पर गुंडा एक्ट व 12 के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है। चुनाव में किसी भी तरह की गडबड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- शशिशेखर सिंह, एएसपी