डीएम की सख्ती के बाद सीएमओ ने जारी किया आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया ने हड़ताल पर गए 253 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) का दो दिन का मानदेय काटने का निर्देश दिया है। सीएमओ ने बिना अवकाश स्वीकृति के लखनऊ में आंदोलन कर रहे सीएचओ के बारे में ब्लॉकों से सूचना भी तलब की है। इस मामले में डीएम डॉ. राजा गणपति आर की सख्ती के बाद कार्रवाई की गई है।
सीएचओ 30 अगस्त से चार मांगों को लेकर लखनऊ के ईको गार्डन पार्क में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आरोग्य मंदिर की सेवाएं ठप हो जाने से ग्रामीण अंचल के मरीजों-तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि शासन ने सीएचओ के वापस कार्य पर न लौटने पर जिलाधिकारी व सीएमओ को कार्रवाई का निर्देश दिया है। सीएमओ ने जनपद के सभी 14 ब्लॉक के अधीक्षक व प्रभारी चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए आंदोलनरत सीएचओ का 30 व 31 अगस्त का मानदेय काटने का निर्देश दिया है। जनपद के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर तैनात सीएचओ ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरह से कार्यों का बहिष्कार कर हड़ताल किए हैं। सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया ने बताया कि बिना सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले सीएचओ के दो दिन मानदेय काटा जाएगा।
-
दो चिकित्सक मिले अनुपस्थित
शोहरतगढ़। सीएमओ डाॅ. रजत कुमार चौरसिया ने रविवार को जोगिया विकास क्षेत्र के पीएचसी लालपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शोहरतगढ़ के शहरी स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां दो चिकित्सक अनुपस्थिति मिले। सीएमओ ने दोनों चिकित्सकों से स्पष्टीकरण का मांग की है। सीएमओ ने चिकित्सक डाॅ. पुनीत कुमार श्रीवास्तव से दवा व उपस्थित पंजिका के बारे में जानकारी ली। सीएमओ ने वहां मौजूद रोगियों से कहा कि अप्रशिक्षित प्राइवेट चिकित्सकों से इलाज कराने की बजाए अपने नजदीकी सरकारी हास्पिटल पर जाकर अपना उपचार कराएं।