- कंफर्म टिकट न मिलने से यात्री झेल रहे परेशानी
- जनरल कोच में प्रवेश के लिए करनी पड़ रही मशक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। होली का त्योहार 25 मार्च को मनाया जाना है। ऐसे में विभिन्न प्रांतों में काम करने वाले लोग घर वापस लौट रहे हैं। ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। जनरल कोच में जैसे-तैसे यात्रा पूरी कर रहे हैं। कमोबेश यही हाल रोडवेज की बसों का भी है। बसों में भीड़ बढ़ गई है। हालांकि परिवहन निगम ने इसके लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने की बात कही है, लेकिन अभी सड़क पर अतिरिक्त बसें नहीं दिख रही हैं, जबकि निजी बसों का किराया काफी महंगा है। इससे यात्री परेशानी झेलने को मजबूर हैं।
होली का त्योहार मनाने के लिए दिल्ली, मुुंबई, कानपुर, बंग्लुरु, सूरत सहित कई स्थानों से लोग घर लौट रहे हैं। साथ ही इधर छुट्टी होने वाली है, जिससे खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से भी लोग अपने घरों को वापस जा रहे हैं, लेकिन ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। जिसके कारण लोग जरनल कोच में सफर करने को मजबूर हैं। परिवार के साथ जरनल कोच में प्रवेश करने के लिए यात्रियों को मशक्कत करनी पड़ रही है।
बुधवार को खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस पहुंची तो ट्रेन में चढ़ने के लिए आपाधापी मच गई। जिन लोगों का टिकट कंफर्म था, उन्हें तो सीट मिल गई, लेकिन जिनका टिकट कंफर्म नहीं था, उन्हें जनरल कोच में चढ़ने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। इसी तरह गोरखपुर-पुणे स्पेशल ट्रेन में भी यात्रियों को प्रवेश करने में परेशानी झेलनी पड़ी। दिल्ली जाने के लिए ट्रेन पकड़ने आए दिनेश कुमार, रागिनी मिश्र आदि ने बताया कि टिकट कंफर्म नहीं हुआ। जाना जरूरी है, इसलिए जनरल कोच में जाने को मजबूर हैं। काफी मशक्कत के बाद कोच में प्रवेश कर पाए।
बसों का सफर भी मुश्किल
ट्रेनों में कंफर्म टिकट न मिलने से परेशान यात्री बस पकड़ने के लिए मेंहदावल बाईपास पर बने बस स्टाॅप सेंटर पर पहुंच रहे हैं, लेकिन बसों में भी भीड़ होने के कारण यात्रियों परेशानी झेल रहे हैं। यात्री सुजीत कुमार, रामजीत ने बताया कि कानपुर जाना है। ट्रेन का टिकट कंफर्म नहीं हुआ तो बस से सफर करने के लिए आए हैं, लेकिन बसों में भी जगह नहीं मिल पा रही है। कई बस छोड़ चुके हैं। इन लोगों ने कहा कि प्राइवेट बसों को किराया अधिक है। इसलिए प्राइवेट बस पकड़ने की जगह परिवहन निगम की बस पकड़ेंगे।
होली के मद्देनजर अतिरिक्त बसें एक-दो दिन में शुरू हो जाएंगी। इससे यात्रियों की परेशानी दूर हो जाएंगी।
- आयुष भटनागर, एआरएम
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से 34 जोड़ी ट्रेनें प्रतिदिन गुजरती हैं। साथ ही होली स्पेशल ट्रेन भी चलेगी। होली के कारण भीड़ ज्यादा है। कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी।
- एके गौड़, स्टेशन अधीक्षक, खलीलाबाद