- मेंहदावल बाईपास ओवरब्रिज पर लगी है स्ट्रीट लाइटें
- शाम होते ही ओवरब्रिज पर छा जाता है अंधेरा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग के मेंहदावल बाईपास ओवरब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई हैं। जिससे शाम होते ही अंधेरा छा जाता है और हादसे की आशंका बनी रहती है। बावजूद इसके खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराए जाने की दिशा में ध्यान नहीं दिया जा रहा है। दूसरी तरफ हाइवे के दोनों तरफ बनी सर्विस लेन पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मेंहदावल बाईपास पर बना ओवरब्रिज छोटी सरौली से शुरू होकर बरई टोला तक जाता है। ओवरब्रिज पर अंधेरा न हो, इसके लिए करीब 100 लाइटें लगाई गई थीं, जो करीब एक माह से खराब पड़ी हैं।
हालांकि अभी कोई हादसा तो नहीं हुआ है, लेकिन यदि स्थिति इसी प्रकार बनी रही तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। यही नहीं अंधेरा होने से चोर उच्चकों का भी भय बना रहता है। इसके बाद भी खराब पड़ी लाइटें ठीक नहीं कराई जा रही है। हाइवे के ओवरब्रिज से होकर आने-जाने वाले इसको लेकर खासे परेशान है। यात्री सुनील कुमार, दुश्यंत कुमार आदि ने कहा कि लाइटों को ठीक कराया जाना आवश्यक है।
00000000000000000000000
ओवरब्रिज की दोनाें तरफ की सर्विस लेन गड्ढों में तब्दील
ओवरब्रिज के दोनों तरफ की सर्विस लेन भी गड्ढों में तब्दील हो गई है। जिससे आस-पास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश होने पर सर्विस लेन पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे सड़क और गड्ढे का अंतर पता नहीं चल पाता है और दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। क्षेत्र के निवासी प्रेमचंद्र, विनोद कुमार ने कहा कि सर्विस लेन पूरी तरह से बहाल हो गई है। इसके बाद भी एनएचआई इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।
0000000000000000000
मेंहदावल बाईपास के ओवरब्रिज की लाइटें खराब हैं, यह संज्ञान में हैं। इसको लेकर जल्द ही कदम उठाया जाएगा। यहां की लाइटें ठीक कराई जाएंगी। जहां तक सर्विस लेन की बात है तो कुछ दिनों पूर्व मरम्मत का कार्य कराया गया था, बरसात के कारण सड़क फिर टूट गई है। जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी।
भावेश अग्रवाल- प्रोजेक्ट मैनेजर, एनएचआई