घरों में उतर चुका है करंट, बाल-बाल बचे थे चार परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र में खेत, खलिहान के साथ ही मकानों के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं। धनघटा चौराहे पर चार लोगों के मकान के ऊपर से तार खींचा गया है। यह लापरवाही कभी भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। इन घरों में पूर्व में करंट उतर चुका है, हालांकि करंट से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, लेकिन लोगों के घरों में लगे कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए थे।
धनघटा चौक के पास रहने वाले बनारसी चौधरी, नारायण, बनवारी चौधरी, बंशीधर चौधरी, राकेश चौधरी का कहना है कि उनके मकान के छत के ऊपर से हाई वोल्टेज तार खींचे गए हैं। तार जर्जर होने के साथ ढीले हो गए हैं। मकान के ऊपर से गुजरे तारों को हटवाने, बदलवाने और सही कराने की मांग कई बार विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
तेज हवा जब चलती है तो तार दीवार से सट जाते हैं और बारिश होने पर घरों में करंट प्रवाहित होने लगता है। लोगों का कहना है कि इस तरह उनके घरों में चार बार करंट प्रवाहित हो चुका है। घनी आबादी के बीच मकानों के ऊपर से होकर जा रहे तार को यहां से हटाया जाना नितांत आवश्यक है।
इस संबंध में विद्युत वितरण निगम के एसडीओ पीपी वर्मा का कहना है कि जब तार खींचे गए थे, उस समय वहां पर किसी का मकान नहीं था। तार के नीचे मकान बाद में बनवाना गया है, यह नियम विरुद्ध है। फिर भी उचित कार्रवाई की जाएगी।