जिला अस्पताल में आई फ्लू व एलर्जी की मरीज बढ़े
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। गर्मी की वजह से आंखों में जलन की समस्या आ रही है। आंखों से पानी भी आ रहा है। मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 20 मरीज पहुंचे थे। चिकित्सक की माने तो लू व धूल के कारण आंखों की समस्या बनी हुई है। कुछ दिनों से लू से उड़ रही धूल लोगों की आखों में पड़ जा रही है, जिससे आई फ्लू व एलर्जी की समस्या बढ़ गई है।
सीएचसी खलीलाबाद के नेत्र चिकित्सक डॉ. केपी सिंह ने बताया कि इस मौसम में लू व धूल के कारण आंखों संबंधी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आंखों में जलन, दर्द होना, खुजली, ललिमा और आंखों में दर्द मुख्य समस्या है। वायरस व बैक्टिरिया के कारण कंजक्टिवाइटिस होने से आंखें लाल हो जाती हैं। आंखों का संक्रमण तेजी से एक से दूसरे व्यक्ति तक पहुंच जाता है। आंखों संबंधी बीमारियां ऐसी हैं कि कार्निया क्षतिग्रस्त होने का खतरा रहता है।
मंगलवार को आंख से संबंधित करीब 20 मरीज आए। संजय कुमार ने बताया कि सुबह बेटे को स्कूल छोड़ने जा रहे थे उसी दौरान आंख में कुछ पड़ गया। जिससे रगड़ दिया तो आंखें लाल हो गईं और दर्द होने लगा। वहीं राजेश ने बताया कि सुबह के समय टहल रहे थे अचानक एक कीड़ा आंखों से टकरा गया। जिससे आंख में इंफेक्शन हो गया।
यह करें बचाव
- धूप-धूल से बचाव के लिए अच्छी क्वालिटी का चश्मा पहनें।
- पढ़ाई के दौरान कमरे में पर्याप्त रोशनी रहे
- हरी सब्जियां, मौसमी फल, दूध और विटामिन-ए खाने में शामिल करें।
ये उपाय करें
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. केपी सिंह के अनुसार आंखों की एलर्जी होने पर ठंडे पानी से भीगी रूई से आंखें साफ करें। आंखें ठीक नहीं होने तक चश्मा पहनें। मरीज का तौलिया, रूमाल व चश्मा इस्तेमाल न करें। धूप से बचाव के लिए टोपी पहनें।