संतकबीरनगर। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को हीट वेव व लू से बचाव को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें हीट वेव और लू के प्रभाव से बचने एवं इससे सुरक्षात्मक उपायों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर चर्चा हुई।
डीएम संदीप कुमार ने कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी का प्रकोप है, जिससे हीट वेव की प्रबल संभावना देखी जा रही है। इसके कारण लू लगने की संभावना भी बढ़ जाती है। हीट वेव व लू की स्थिति शरीर की कार्य प्रणाली पर प्रभाव डालती है, जिससे मृत्यु भी हो सकती है। इसलिए इससे बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
सीएमओ डॉ. अनिरुद्ध कुमार सिंह ने कहा कि प्रचार माध्यमों पर हीट वेव व लू की चेतावनी पर ध्यान दें, अधिक से अधिक पानी पिएं, हल्के रंग के पसीना शोषित करने वाले कपड़े पहनें। धूप के चश्मे, छाता टोपी व चप्पल का प्रयोग करें। अगर आप खुले में कार्य करते हैं तो सिर चेहरा हाथ पैरों को गीले कपड़े से ढके रहें तथा छाता का प्रयोग करें। यात्रा करते समय पीने का पानी साथ ले जाएं। ओआरएस घर में बने पेय पदार्थ जैसे लस्सी, चावल का पानी (माड़) नींबू, पानी, छाछ आदि का उपयोग करें। ताकि शरीर में पानी की कमी न होने पाए।
हीट स्ट्रोक, हीट रैस, हीट क्रम के लक्षणों जैसे कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, उबकाई, पसीना आना, मूर्छा आदि को पहचाने तथा सूर्य की रोशनी से बचें। उन्होंने बताया कि दोपहर 12 से तीन बजे के बीच बाहर न निकलें।
बैठक में सीडीओ संत कुमार, डॉ. वीपी पांडेय, डीपीओ विजयश्री, जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका यादव समेत अन्य मौजूद रहे।