पौली में कोविड की जांच करते स्वास्थ्यकर्मी।संवाद
संतकबीरनगर। जिले में शुक्रवार को कोरोना का एक संक्रमित मिला है। जिले में अब तक 13 संक्रमित मिल चुके हैं, और इनमें से तीन संक्रमित स्वस्थ भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य महकमा लोगों को मास्क लगाने व सामाजिक दूरी के पालन की अपील कर रहा है। इसके बावजूद लोग अस्पताल व सड़कों पर बिना मास्क के निकल रहे हैं।
जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली ने बताया कि किंग जाॅर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय लखनऊ में जिले पौली क्षेत्र के रहने वाले 35 वर्षीय व्यक्ति ने कोरोना की जांच कराई तो वह संक्रमित मिले। इसकी सूचना आने पर उनके परिजनों का एंटीजन जांच कराया गया, लेकिन कोई भी संक्रमित नहीं मिला।
आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लेकर लैब भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 13 लोग संक्रमित मिल चुके हैं और इनमें से तीन स्वस्थ भी हो चुके हैं। शुक्रवार को 543 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इसकी रिपोर्ट आने का इंतजार है। लोग मास्क जरूर लगाएं और सामाजिक दूरी का पालन करें। इससे कोरोना संक्रमण से बचा जा सके। इधर जिले में कोरोना के बढ़ते मामले के बाद भी लोग बिना मास्क जिला अस्पताल पहुंच जा रहे हैं, लेकिन चिकित्सक उन्हें मास्क लगाने की सलाह दे रहे हैं।
यही हाल शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक का है, जहां पर बाजारों में लोगों को कोरोना का डर नहीं है, बिना मास्क के ही खरीदारी करने पहुुंच जा रहे है।