स्वाइन फ्लू का मरीज मिलने से स्वास्थ्य महकमा परेशान
- धनघटा क्षेत्र की रहने वाली है महिला
- स्वास्थ्य टीम ने घर जाकर परिजनों से ली जानकारी
संतकबीरनगर। जिले में स्वाइन फ्लू का मरीज मिलने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल मरीज का इलाज लखनऊ में चल रहा है। स्वास्थ टीम ने मरीज के घर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली ने बताया कि धनघटा क्षेत्र की रहने वाली एक महिला की शादी गोरखपुर जनपद के गगहा क्षेत्र में हुई है। महिला की तबीयत खराब हुई तो परिजन उसे जिला अस्पताल गोरखपुर ले गए। जहां से उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहां से उसे परिजन लखनऊ लेकर चले गए और डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर महिला में स्वाइन फ्लू पाया गया। इसके बाद डॉ. राममनोहन लोहिया अस्पताल ने सीएमओ कार्यालय को पत्र भेजकर मरीज की सूचना दी तो मरीज के घर पर टीम भेजी गई। जहां पर पता चला कि महिला चार माह से अपने मायके नहीं आई थी और वह गोरखपुर अपनी ससुराल में ही थी और वहीं पर स्वाइन फ्लू की चपेट में आई है। उन्होंने बताया कि महिला के आधार पर धनघटा क्षेत्र का पता था। आधार शादी से पहले का बना था। इस वजह से मरीज का ब्योरा यहां स्थानांतरित कर दिया गया। वैसे पूरे प्रकरण की जानकारी सीएमओ गोरखपुर को भेज दी गई है।