डेंगू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क
दो माह में मिल चुके हैं 10 मामले, कोई सक्रिय मरीज नहीं
संतकबीरनगर। प्रदेश में डेंगू के लगातार बढ़ रहे मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। डॉक्टरों का कहना है कि बुखार आए तो बिना चिकित्सक की सलाह के दवा न लें। मच्छरों से बचाव करने के साथ अन्य सावधानियां बरतें। हालांकि जनपद में डेंगू का कोई सक्रिय केस नहीं हैं।
सीएमओ डॉ. अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि जनपद में सितंबर से अब तक डेंगू के दस केस सामने आए हैं। ये सभी लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। पिछले साल पांच केस सामने आए थे। बुखार होने पर रक्त जांच अवश्य कराएं। जिले के प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा जिला अस्पताल में जांच की व्यवस्था है। जिला अस्पताल में अलग से डेंगू वार्ड बनाया गया है।
जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली ने बताया कि कुछ सावधानियों को ध्यान में रखकर डेंगू से बच सकते हैं। पानी की टंकी, बाल्टी को सप्ताह में एक दिन साफ कर सुखाएं, गमलों में रोजाना पानी दें, ताकि मच्छरों का लार्वा नष्ट हो जाएं। शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, दिन में जूते-जुराब पहने रहें। मच्छरों के डंक से बचने के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। घर के दरवाजे और खिड़कियों पर महीन जाली लगवाएं। रेफ्रिजरेटर की ट्रे में पानी एकत्र न होने दें। एसी-कूलर बंद रखें, उन्हें किसी कपड़े से भी ढकें।