संतकबीरनगर। डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। जिला अस्पताल में 10 बेड डेंगू वार्ड तैयार है। वहीं सभी स्वास्थ्य केंद्रों में दवा व जांच की व्यवस्था ठीक रखने का निर्देश दिए गए हैं। 22 जून को जिला स्तरीय बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। पिछले वर्ष जनपद में डेंगू के 94 मरीज मिले थे।
बारिश शुरू होने के साथ डेंगू का समय शुरू हो जाता है। मानसून आने से पहले ही स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में 10 बेड का डेंगू वार्ड तैयार है। पिछले वर्ष डेंगू के 94 मरीज मिले थे जबकि कोई भी मौत नहीं हुई थी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल को सतर्क किया गया है। डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग 20 जून को ब्लाॅक स्तरीय बैठक करेगा। साथ ही 22 जून को जिला स्तरीय बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर डेंगू की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक आवासीय भवनों और टायर ट्यूब की दुकानों पर विशेष नजर रहेगी। पुराने टायरों पर पॉलिथीन डालने की सलाह दी जाएगी। नगर पालिका के साथ मिलकर जगह-जगह फेंके गए नारियल के खोल के निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी। क्योंकि उसमें भी बारिश का पानी इकट्ठा होता है।
डेंगू के लक्षण : डेंगू वायरस से संक्रमित व्यक्ति को जब मच्छर काटता है और वह मच्छर फिर अन्य लोगों को काटता है तो वे भी संक्रमित हो जाते हैं। डेंगू के मरीज को तेज बुखार, सिरदर्द, चक्कते, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द होता है। गंभीर मामलों में रक्तस्राव भी हो सकता है। इसके अलावा ठंडा लगना, थकान, भूख न लगना आदि भी इसके लक्षण में शामिल है।
- डेंगू से करें बचाव
अनुपयोगी सामग्री में पानी न इकट्ठा होने दें।
कूलर में पानी बदलते रहे।
साफ-सफाई का ध्यान रखें।
पानी के बर्तन, टंकियों को ढक कर रखें।
डेंगू पर नियंत्रण हमारी प्राथमिकता में है। दस डेंगू वार्ड तैयार है, दवाओं और जांच की पूरी व्यवस्था है। एक जुलाई से संचारी रोग अभियान और 10 जुलाई से दस्तक अभियान के माध्यम से आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरुक करेंगी।
-डॉ. रामानुज कन्नौजिया, सीएमओ