1,102 लोगों के स्वास्थ्य की हुई जांच
- जिले की 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर आयोजित हुआ मुख्यमंत्री आरोग्य मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के 22 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 1,102 लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई और जरूरी दवाएं दी गईं। कोविड हेल्प डेस्क में कुल 868 लोग आए जिनमें से 167 की आरटीपीसीआर जांच की गई।
सीएमओ डॉ. अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि जिले के 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जिसमें गोल्डन कार्ड बनवाने, गर्भावस्था एवं प्रसवकालीन परामर्श, पूर्ण टीकाकरण एवं परिवार नियोजन संबंधी साधनों एवं परामर्श की व्यवस्था रही। इसके साथ ही संस्थागत प्रसव संबंधी जागरूकता, जन्म पंजीकरण परामर्श, नवजात शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा परामर्श एवं सेवाएं, बच्चों में डायरिया एवं निमोनिया की रोकथाम के साथ ही टीबी, मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया, कुष्ठ आदि बीमारियों की जानकारी दी गई।
जिले के 22 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में कुल 1,102 मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण हुआ है। जिसमें 368 पुरूष, 546 महिला और 188 बच्चे शामिल हैं। इनको नि:शुल्क दवाएं दी गई है। इनमें से दो को जिला अस्पताल इलाज के लिए बुलाया गया है।