आरोग्य मेले में 1,117 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
- जिले की 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर आयोजित हुआ मुख्यमंत्री आरोग्य मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के 22 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। 1,117 मरीजों की नि:शुल्क जांच की गई और उन्हें दवाइयां भी दी गईं। कोविड हेल्प डेस्क पर कुल 919 लोग पहुंचे। इनमें से 138 की आरटीपीसीआर जांच की गई।
सीएमओ डॉ. अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि जिले के 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में गोल्डन कार्ड बनवाने, गर्भावस्था एवं प्रसवकालीन परामर्श, पूर्ण टीकाकरण एवं परिवार नियोजन संबंधी साधनों एवं परामर्श की व्यवस्था रही।
इसके साथ ही संस्थागत प्रसव संबंधी जागरूकता, जन्म पंजीकरण परामर्श, नवजात शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा परामर्श एवं सेवाएं, बच्चों में डायरिया एवं निमोनिया की रोकथाम के साथ ही टीबी, मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया, कुष्ठ आदि बीमारियों की जानकारी, जांच एवं उपचार की नि:शुल्क सेवाएं दी गईं।