आरोग्य मेले में 1,046 का हुआ परीक्षण, मिली दवाएं
- जिले की 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर आयोजित हुआ मुख्यमंत्री आरोग्य मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले की 22 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। 1,046 मरीजों की नि:शुल्क जांच की गई और उन्हें दवाइयां भी दी गईं। कोविड हेल्प डेस्क में कुल 859 लोग आए जिनमें से 130 की आरटीपीसीआर जांच की गई।
सीएमओ डॉ. अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि जिले के 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। इसमें गोल्डन कार्ड बनवाने, गर्भावस्था एवं प्रसवकालीन परामर्श, पूर्ण टीकाकरण एवं परिवार नियोजन संबंधी साधनों एवं परामर्श की व्यवस्था रही।
इसके साथ ही संस्थागत प्रसव संबंधी जागरूकता, जन्म पंजीकरण परामर्श, नवजात शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा परामर्श एवं सेवाएं, बच्चों में डायरिया एवं निमोनिया की रोकथाम के साथ ही टीबी, मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया, कुष्ठ आदि बीमारियों की जानकारी, जांच एवं उपचार की नि:शुल्क सेवाएं दी गई।
जिले के 22 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में कुल 1,046 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ है। जिसमें 430 पुरूष, 462 महिला और 154 बच्चे शामिल हैं। इनको नि:शुल्क दवाएं दी गईं हैं। इसके साथ ही 37 मरीजों को ब्लड जांच के लिए जिला अस्पताल बुलाया गया।