-कांशीराम अरबन स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्वास्थ्य कर्मी लगा आरोप
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा- उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों पर सम्मान नहीं दिया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। अरबन हेल्थ से जुड़ी आशा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्पीड़न का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों पर सम्मान नहीं दिया जाता है। कांशीराम अरबन स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एक कर्मी पर अभद्र व्यवहार करने की बात कही।
आशा कार्यकर्ता सीमा भाटिया के नेतृत्व में सीएमओ कार्यालय पर पहुंची कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए धरना पर बैठ गई। उन्होंने कहा कि बात-बात में स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात कर्मी बेइज्जत कर देते हैं। कहा जाता है कि आशा की कोई हैसियत नहीं है। आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जच्चा-बच्चा की सुरक्षा की जिम्मेदारी उन पर है, लेकिन जब जांच, प्रसव आदि के लिए गर्भवर्तियों को लेकर जाती हैं तो उनके साथ ठीक से व्यवहार नहीं किया जाता है। यदि आशा कार्यकर्ताओं को निश्चित मानदेय दिया जाता तो इस प्रकार की स्थिति पैदा नहीं होती। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आशा कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर वापस भेजा।
इस दौरान किरन श्रीवास्तव, सुमन, पूनम गोंड, आशा गुप्ता, इंद्रावती देवी, पूनम मिश्रा, राजमती यादव, शशिबाला, विनीता देवी, कुसमावती, रेनू देवी, लीलावती, सरिता देवी, मनोरमा आदि मौजूद रहीं।