नगर पंचायत धर्मसिंहवा में आवास योजना के लिए लगे कैंप का विधायक ने उद्घाटन किया।
- फोटो : KHALILABAD
नवसृजित नगर पंचायत धर्मसिंहवा में मेंहदावल विधायक की अध्यक्षता में शुक्रवार को डूडा विभाग ने शहरी आवास योजना के तहत शिविर लगाया। शिविर में आवास का आवेदन पत्र लिया गया। इस दौरान 1500 आवेदन पत्र जमा हुए। विधायक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि सभी पात्रों को शहरी आवास योजना का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आज हर कुटुंब को आवास देने के लिए कृतसंकल्प है। नवसृजित नगर पंचायत धर्मसिंहवा में पहली बार डूडा द्वारा कैंप लगाकर आवास का आवेदन लिया गया। परियोजना अधिकारी प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि नगर पंचायत के तहत आने वाले सभी लोग आवास योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं।
इसके बाद सर्वे कराकर पात्र लाभार्थियों को हर हाल में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। पात्र होने के बाद लाभार्थियों को ढाई लाख रुपये आवास बनाने के लिए मिलेगा। कार्यक्रम में डूडा के शहर कार्यक्रम प्रबंधक ज्ञानेंद्र शुक्ला, जेई विशाल सिंह, शिवम सिंह, विशाल वर्मा, सांसद प्रतिनिधि लालजी निषाद, विधायक प्रतिनिधि मनोज जायसवाल, रामसुभग दूबे, अशोक राय, राजू पांडेय आदि मौजूद थे।