शहर के विधियानी मोहल्ले में साफ सफाई करते नपा के कर्मचारी।संवाद
एडीएम के निर्देश पर ईओ ने जाम नालियों को खुलवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नगर पालिका प्रशासन ने रविवार को शहर के विभिन्न मोहल्लों में अभियान चलाकर साफ-सफाई कराई। अमर उजाला में 12 मार्च के अंक में अफसर सोते चैन की नींद, लोग भगाते हैं मच्छर शीर्षक से प्रकाशित खबर का एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने संज्ञान लिया। एडीएम के निर्देश पर ईओ की निगरानी में रविवार को शहर में सफाई अभियान चला। सफाई कर्मी पूरे दिन जूझते नजर आए। इस दौरान जाम नालियों को भी खुलवाया गया।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्र व सफाई प्रभारी उमेश चौधरी के नेतृत्व में सफाई कर्मियों ने सुबह से मोर्चा संभाला और जिला अस्पताल परिसर स्थित पोस्टमार्टम हाउस के पास, विधियानी, मेंहदावल बाईपास सहित शहर के विभिन्न मोहल्लों में नालियों की सफाई के साथ ही आसपास पड़े कूड़ा-करकट को साफ किया। विधियानी मोहल्ले में जहां नालियां ओवरफ्लो होकर बह रहीं थीं और सड़क पर पानी पसरा हुआ था, वहां की नालियों को पूरी तरह से साफ किया गया।
इसके साथ ही छिड़काव भी किया गया, ताकि मच्छरों का प्रकोप कुछ कम किया जा सके। जूनियर हाईस्कूल के सामने के नाले की सफाई कराई गई। ईओ विनय कुमार मिश्र ने बताया कि जहां पर भी नालियां जाम होने से समस्या आ रही थी, उन स्थानों पर अभियान चलाकर सफाई करा दी गई है। इसके साथ ही सफाई कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि मोहल्लों में नियमित रूप से साफ-सफाई करें। इस दौरान नालियों की सफाई भी की जाए, ताकि मच्छरों का प्रकोप रोका जा सके। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से भी अपील किया कि कूड़ा-करकट नालों में न डालें।