एक सप्ताह में शुरू होगी लखनऊ के लिए स्पेशल बस सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री की घोषणा है कि रोडवेज बस सेवा से सूबे के एक लाख गांवों को जोड़ा जाएगा, लेकिन जिले को सिर्फ एक बस मिली है। वह खलीलाबाद से लखनऊ जाएगी। एक सप्ताह के भीतर यह बस सेवा शुरू होने की संभावना है। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्र के लिए कोई इंतजाम नहीं हुआ है। यहां परिवहन निगम की व्यवस्था जस की तस बनी हुई है।
गांवों को परिवहन निगम की बस सेवा से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की और 115 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लोगों में उम्मीद जगी कि अब गांवों से होकर बसें गुजरेंगी और समस्या से निजात मिलेगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। जो बसें शुरू की गईं हैं, उसमें से जिले के हिस्से में एक मात्र बस आई है।
एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि बस को सदर विधायक अंकुर राज तिवारी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पहले चरण में एक भी बस नहीं मिली है। इससे कल रूटों पर बस के लिए यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी।
वर्तमान में मेंहदावल से रुधौली-भानपुर, मेंहदावल से बर्डपुर, मेंहदावल से वाया सेमरियावां होकर बस्ती, धनघटा से सिकरीगंज के साथ विभिन्न मार्गों पर परिवहन निगम की बस सेवा नहीं चल रही है। इससे यात्रियों को प्राइवेट वाहनों के सहारे यात्रा करने को मजबूर होना पड़ रहा है। यात्रियों का आरोप है कि बसों के अभाव में प्राइवेट वाहन चालक मनमाने किराया वसूल रहे हैं। एआरएम आयुष भटनागर ने कहा कि प्रथम चरण में अभी एक बस मिली है, उम्मीद है कि दूसरे चरण में और बसें मिले। इसके बाद जिन रूटों पर बसों की ज्यादा जरूरत है, वहां भी बसें चलाई जाएंगी।