नगर पंचायत के सराफा व्यवसायियों ने केंद्र सरकार द्वारा स्वर्णकारों पर एक्साइज ड्यूटी लगाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है । स्वर्ण व्यवसायी लामबंद होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे है। मेंहदावल स्वर्णकार सभा ने केंद्र सरकार के वित्तमंत्री की शव यात्रा गाजे- बाजे और घंट के साथ निकालकर पूरे नगर क्षेत्र में भ्रमण कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एक्साइज ड्यूटी वापस लेने की मांग की।
मेंहदावल नगर के स्वर्णकार सभा के नगर अध्यक्ष चुन्नू वर्मा के नेतृत्व में व्यवसायियों ने वित्तमंत्री अरूण जेटली की शव यात्रा ठेले पर सजाकर बैंडबाजे व घंट के साथ अंजहिया बाजार, उत्तरपट्टी, नायकटोला, चौकबाजार, हास्पिटल तिराहा आदि दर्जनों स्थानों पर घूमाते हुए केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। नगर अध्यक्ष चुन्नू वर्मा एवं महामंत्री प्रदीप वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार स्वर्ण व्यवसाय को ठप करने का कुचक्र रच रही है।
गलत नीतियों के कारण स्वर्ण व्यवसायी एक्साइज ड्यूटी का विरोध करते हुए अपनी जायज मांगों के लिए आंदोलन कर रहे है। फिर भी केंद्र सरकार बढ़े हुए एक्साइज ड्यूटी को वापस लेने की पहल नहीं कर रही है। जब तक एक्साइज ड्यूटी वापस नहीं होगी तब तक स्वर्ण व्यवसायी आंदोलित रहेंगे। इस अवसर पर गुरू प्रसाद वर्मा, रामप्रसाद वर्मा, सुनील वर्मा, नेबुलाल वर्मा, मुरारी वर्मा, लड्डïन कसौधन, श्याम सुंदर वर्मा, पवन वर्मा, लल्लु वर्मा, कन्हैया वर्मा समेत अन्य स्वर्ण व्यवसायी मौजूद रहे।