संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। 11वीं कक्षा में पढ़नेवाली एक छात्रा (17) को कोचिंग से अगवा कर बृहस्पतिवार देर रात उसके कथित प्रेमी ने गोली मार दी। गोली किशोरी के पेट में दायीं तरफ लगी है। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली मारने के बाद आरोपी खून से लथपथ किशोरी को गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में ले गया।
किशोरी को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां वह मौत से जूझ रही है। उधर, पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उसका एक साथी फरार हो गया। प्रेमी राहुल यादव पर दुष्कर्म का प्रयास, अपहरण, जान से मारने की कोशिश, पॉक्सो एक्ट व सहयोगी हरिओम यादव पर भी केस दर्ज हुआ है।
गोली मारे जाने का कारण अब तक सामने नहीं आया है। जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम धनघटा क्षेत्र की रहने वाली 11वीं की छात्रा कोचिंग पढ़ने गई थी। घर लौटने का समय बीत जाने के बाद भी जब वह नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि छात्रा जब कोचिंग सेंटर से निकली तभी महुली क्षेत्र का रहनेवाला उसका प्रेमी चारपहिया वाहन में आया और उसे बिठाकर चला गया। इसका पता चलने पर घरवालों ने युवक को फोन किया और बेटी से बात कराने काे कहा। परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक ने बेटी को गोली लगने की जानकारी देते हुए बताया कि वह गोरखपुर में एक निजी अस्पताल में उसका इलाज करा रहा है।
इतना सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिवार वालों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी और युवक के बताए गोरखपुर के निजी अस्पताल पहुंचे। उस समय प्रेमी अस्पताल में मौजूद था। परिवार के लोग प्रेमी से घटना के बारे में पूछताछ कर रहे थे तभी पुलिस भी पहुंच गई और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक भागने में कामयाब रहा। इसके बाद छात्रा का परिवार उसे मेडिकल कॉलेज ले गया, जहां छात्रा का इलाज चल रहा है।
गोली से छात्रा के घायल होने का मामला प्रकाश में आया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दूसरे की तलाश जारी है। तहरीर के आधार पर प्रेमी व उसके सहयोगी पर केस दर्जकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- केशवनाथ, सीओ धनघटा