- 200 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से 10 माह तक दिए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। समेकित शिक्षा के तहत 40 प्रतिशत दिव्यांग छात्राओं के स्कूल में प्रवेश लेने पर उसे दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएग्री। यह धनराशि उसे 200 रुपये के हिसाब से 10 महीने दी जाएगी। इसको लेकर तैयारी शुरू हो गई है। स्कूलों में पंजीकृत 40 प्रतिशत दिव्यांग छात्र छात्राओं का विवरण यू डायस पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिए गए है।
डीसी समेकित शिक्षा रजनीश वैद्यनाथ ने बताया कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रति विभाग पूरी तरह से सक्रिय है। विशेषकर दिव्यांग बालिकाओं की मदद पर ध्यान दिया जा रहाहै। विभाग ने 40 प्रतिशत दिव्यांग छात्राओं का स्कूल में पंजीकरण कराने पर दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि प्रधानाध्यापकों को अपने विद्यालय पर पढ़ने वाली दिव्यांग छात्राओं जिसके पास दिव्यांगता प्रमाण पत्र है और उसकी दिव्यांगता 40 प्रतिशत या इससे अधिक है तो उसका विवरण योजना के लाभ के लिए यू डायस पोर्टल पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि 40 प्रतिशत दिव्यांग छात्राओं को 200 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से 10 माह तक कुल दो हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। अब तक 18 छात्राओं की सूची आ चुकी है। प्रधानाध्यापकों से ऐसी छात्राओं की सूची भेजने का निर्देश दिया गया है। जिले में कुल 163 छात्राओं का लक्ष्य निर्धारित है।