-पुलिस लाइंस सभागार में मातहतों के साथ की बैठक
- कहा-लंबित विवेचनाएं शीघ्र निपटाएं
-इनामी आरोपियों की करें गिरफ्तारी
वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने शनिवार देर शाम पुलिस लाइंस सभागार में मातहतों के साथ बैठक कर अपराधों की समीक्षा की। थानेवार घटित अपराधों की चर्चा की। लंबित चोरी आदि के मामलों का यथाशीघ्र पर्दाफाश किए जाने पर जोर दिया। गैंगस्टर एक्ट के वांछितों और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया। गैंगस्टर एक्ट के मामले में आरोपियों की संपत्ति कुर्क कराए जाने को कहा।
एसपी ने आपराधिक घटनाओं से संबंधित पंजीकृत अभियोगों व लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की बात कहीं। हत्या, दुष्कर्म, लूट आदि जघन्य अपराधों के अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
महिला संबंधी अपराधों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत बताई। अपहृताओं की सकुशल बरामदगी, पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने व शातिर अपराधियों को चिह्नित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने का निर्देश दिया। गुंडा एक्ट के अन्तर्गत जिलाबदर की कार्रवाई कराने व गैंगस्टर एक्ट के मामले में आरोपियों की संपित्त कुर्क कराने की कार्रवाई अमल में लाने की जरूरत जताई। इसके पूर्व सैनिक सम्मेलन कर पुलिस कर्मियों की समस्याएं जानी।
इस दौरान एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ दीपांशी राठौर, सीओ अंबरीष भदौरिया,सीओ ब्रजेश सिंह आदि उपस्थित रहे।