- मेंहदावल नगर पंचायत में गंदगी का अंबार, बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। बारिश के मौसम में साफ-सफाई व्यवस्था पर नगर पंचायत की पोल खुल गई है। वार्ड कूड़ेदान बन गए हैं और जल निकासी के लिए बने नाले जाम हैं। ऐसे में कस्बे की सूरत बिगड़ रही है। कस्बेवासी परेशान हैं। संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बढ़ गया है लेकिन जिम्मेदार मौन हैं।
मेंहदावल नगर पंचायत के सीमा विस्तार के बाद इस बार के निकाय चुनाव में कुल 20 वार्ड थे। नयी कमेटी काम भी कर रही है लेकिन धरातल पर साफ-सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो चुका है। वैसे तो नगर पंचायत में बड़े पैमाने पर सफाईकर्मी रखे गए हैं लेकिन वार्ड की स्थिति देखा जाए तो साफ-सफाई का घोर अभाव है।
बढ़ती गंदगी ऊपर से बरसात संक्रामक बीमारियों को जन्म दे रही है। गंदगी के कारण जहां वार्डों में तेज दुर्गंध उठ रहे हैं वहीं मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। नगर के वेद प्रकाश पांडेय, बदरे आलम, इंदुमती, पंकज आदि का कहना है कि मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव बंद है। नालियों में ब्लीचिंग पाउडर डालने की व्यवस्था ठप है।
ऐसे में गंदगी व जलजमाव लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। टडवरिया चौराहे के समीप गाजी बाबा मजार पर गंदगी के अंबार लगा हुआ है। बीएमसीटी मार्ग के ठीक बगल गंदगी का अंबार नगर पंचायत प्रशासन के स्वच्छता की पोल खोलने के लिए काफी है। उत्तर पट्टी में जल निकासी के लिए बना नाला जाम पड़ा हुआ है। बरसात में इस नाले से जलनिकासी ही नहीं हो पाती है।
00000
कोट-
नगर पंचायत के सभी वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं। रात में साफ-सफाई के लिए अलग सफाईकर्मियों की टीम गठित है। वार्डों का स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था की सत्यता जानी जाएगी। जिस वार्ड में गंदगी मिलेगा वहां तैनात सफाईकर्मी से सवाल-जवाब किए जाएंगे।
- संदीप कुमार सरोज, अधिशासी अधिकारी