- सभासद संघ के अध्यक्ष ने नगर पंचायत प्रशासन से आपत्ति दर्ज कराई
- मेंहदावल नगर पंचायत के स्वच्छता अभियान का हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। नगर पंचायत मेंहदावल की मानसून से पूर्व जिन नालों की सफाई अभियान नगर पंचायत प्रशासन ने चलाया, उन्हीं नालों को साफ करने के बाद कचरा वहीं छोड़ दिया गया। जिसके कारण बारिश होते ही कचरा फिर नाले में जाने लगा। इसे लेकर सभासद संघ के अध्यक्ष और कस्बेवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए अधिशासी अधिकारी से शिकायत भी दर्ज कराई है।
मेंहदावल नगर पंचायत में जलनिकासी के लिए बनाया गया मुख्य नाला सिगिया की बरसात से पूर्व नगर पंचायत प्रशासन द्वारा साफ सफाई की गई। कई सफाई-कर्मियों को लगाकर नाला की सफाई इसलिए कराई गई की बरसात के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके और नगर के लोगों को परेशानी तथा जलभराव से मुक्ति मिल सके। लेकिन यह सफाई अभियान खानापूरी साबित हो रहा है।
नाला की सफाई तो की गई लेकिन नल से निकलने वाले कचरे को अगल-बगल ही स्टोर कर दिया गया। बरसात शुरू होते ही सारा कचरा नाला में गिरने लगा जिससे सफाई किए गए नाला की स्थिति फिर खराब हो गई। मामले को लेकर सभा संघ के अध्यक्ष अब्दुल मन्नान ने नगर पंचायत प्रशासन से कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। सप्ताहभर मेंहदावल नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को वार्डों से हटाकर इस नाले की साफ-सफाई पर लगाया गया। नाला साफ भी हुआ लेकिन नाले से निकाले गए कचरे को उसी स्थान पर छोड़ दिया गया। जिससे बरसात शुरू होते ही सारे कचरा नाला में फिर जा रहा है। अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि अगर कचरा है तो नाला फिर से साफ कराकर कचरा तत्काल हटवाया जाएगा।