दो किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार, कई चोरियों में था शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली पुलिस ने दो किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए न्यायालय भेज दिया।
कोतवाल ब्रजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि मगहर चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ दुर्गा मंदिर तिराहा के पास क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी बीच टीम को गांजा तस्कर के बारे में सूचना मिली। सूचना के बाद चौकी प्रभारी उदयशंकर द्विवेदी की अगुवाई में पुलिस टीम ने बयारा मंझरिया रेलवे क्राॅसिंग के पास घेरेबंदी की। थोड़ी देर बाद बयारा की तरफ से झोला के साथ एक संदिग्ध आता हुआ दिखाई दिया। उसको पुलिस टीम ने अपने कब्जे में किया। पुलिस की पूछताछ में उसकी पहचान आशीष गुप्ता उर्फ गचई उर्फ गचया निवासी मोहल्ला काजीपुर तेली टोला मगहर कस्बा के रूप में हुआ।
तलाशी के दौरान उसके पास से झोले में गांजा और चोरी का कपड़ा बरामद हुआ।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि नई सब्जी मंडी मगहर के आठ दुकानों का ताला तोड़ा था। एक दुकान के काउंटर से उसको दो हजार रुपये मिले थे। दुकान से कुछ लेडीज सूट भी चुराया था। इसके अलावा दुर्गा मंदिर मगहर और मोहनलालपुर में भी चोरी करने की बात आरोपी ने स्वीकार किया।
बरामद गांजे के बारे में पूछताछ करने पर आरोपी ने नेपाल से गांजा लाकर बेचने की बात स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध स्थानीय थाने में एनडीपीएस एक्ट का भी केस दर्जकर कानूनी कार्रवाई पूरी करके जेल भेज दिया गया।