संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के नौहट के प्रधान कौशल चौधरी की हत्या के सातों आरोपियों पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को गैंगस्टर एक्ट का केस दर्ज किया। 30 जून 2023 को जमीन की अदावत और चुनावी रंजिश की वजह से आरोपियों ने पीट-पीट कर प्रधान कौशल चौधरी की हत्या कर दी थी।
कोतवाल रविंद्र सिंह ने बताया कि नौहट गांव निवासी शातिर अपराधी हरेंद्र चौधरी का एक सक्रिय गिरोह है। गैंग में चन्द्रशेखर चौधरी, आलोक चौधरी उर्फ गोलू, सुप्रभमणि उर्फ कलोला, अभिनव प्रताप यादव उर्फ चन्द्रलोक, विजयनाथ उर्फ गादुर आदि सक्रिय सदस्य हैं। यह गिरोह जनपद स्तर पर सक्रिय है। इस गिरोह के जरिये जनपद में मारपीट कर हत्या जैसे अपराध संगठित रूप से कारित किया गया है। यह गैंग अपने लीडर के साथ मिलकर संगठित रूप से आर्थिक, भौतिक एवं दुनियावी लाभ प्राप्त करने के प्रयोजन से अपराध करता है। जिस कारण से आसपास के क्षेत्र व जनता में भय व्याप्त रहता है। इस गैंग का इतना भय व आतंक है कि कोई व्यक्ति इस गैंग के लीडर/सदस्यों के विरुद्ध गवाही देने को तैयार नही होता है। जिस कारण गैंग लीडर व इसके सदस्यों का समाज में स्वतंत्र एवं स्वच्छन्द रहना जनहित में नही है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी हरेंद्र चौधरी, उसके भाई चंद्रशेखर चौधरी, पिता परमात्मा प्रसाद चौधरी निवासी नौहट, आलोक चौधरी उर्फ गोलू निवासी मेहनिया, सुप्रभमणि तिवारी उर्फ कलोला निवासी खरवनिया खुर्द, महुली, अभिनव प्रताप यादव उर्फ चन्द्रलोक निवासी बड़गों कोतवाली, विजयनाथ उर्फ गादुर निवासी बेलडुहा महली के खिलाफ गैगस्टर एक्ट का केस दर्ज किया गया।