संतकबीरनगर। शहर का तेजी से विकास हो रहा है, लेकिन सड़कों की स्थिति में अब भी सुधार नहीं दिख रहा है। स्थिति यह है कि शहर की चार प्रमुख सड़कें जर्जर हो गई हैं। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी जिम्मेदार सुधि नहीं ले रहे हैं।
खलीलाबाद शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल नेदुला से विकास भवन मार्ग, बैंक चौराहा से बंजरिया मार्ग, रेलवे स्टेशन से विधियानी मोड मार्ग की हालत दयनीय है। इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इसके साथ ही शुगर मिल चौराहे से मड़या तक की सड़क भी जर्जर हो गई है। इस मार्गों से होकर प्रतिदिन जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी आते-जाते हैं, इसके बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
शहर निवासी दिनेश चौधरी, विक्रम, संदीप पांडेय आदि ने कहा कि शहर को विकास तो हो रहा है, लेकिन सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए जिस गति से काम होना चाहिए, वह नहीं हो रहा है। प्रशासन को चाहिए कि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को आने-जाने में हो रही परेशानी दूर हो सके। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राकेश पांडेय ने कहा कि नेदुला से विकास भवन सहित अन्य सड़कों के मरम्मत की तैयारी चल रही है। जल्द ही सड़कों की मरम्मत करा दी जाएगी।