दो सगी बहनों समेत चार पर हत्या का मुकदमा दर्ज
घर बुलाकर युवक को जहर देकर घटना को अंजाम देने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सीजेएम महेंद्र कुमार सिंह के आदेश पर युवक को घर बुला कर जहर देकर मार डालने के आरोप में पुलिस ने दो सगी बहनों समेत चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेलहर क्षेत्र के भटपुरवा निवासी एक महिला का आरोप है कि उसका बेटा 12 जनवरी की सुबह बाइक से खलीलाबाद गया। वह शाम तक घर नहीं आया। उसके मोबाइल फोन पर घंटी बज रही थी, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो रहा था। शाम चार बजे कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती का फोन आया कि आपका बेटा उसके घर पर बेहोशी की हालत में है। सूचना पर उसकी बेटी मौके पर गई। अर्ध बेहोशी की हालत में उसे खलीलाबाद दवा कराने ले गई। अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। आरोप है कि अवैध संबंध की वजह से उनके बेटे की हत्या की गई है। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। एसपी को रजिस्ट्रर्ड डाक से सूचना दी गई, फिर भी कोई कारवाई नहीं हुई। मजबूरी में पीड़ित मां ने कोर्ट की शरण ली। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि मामले में दो सगी बहनों समेत चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।