- दो घरों में छत के रास्ते और तीसरे घर में दरवाजे का ताला तोड़ कर घुसे थे चोर
- फोरेसिंक टीम के साथ कोतवाल ने की जांच पड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर उर्फ लहुरादेवा के पुरवा उसरी में शुक्रवार की रात चोरों ने तीन घरों को खंगाला। चोर दो घरों में छत के रास्ते और तीसरे घर में दरवाजे का ताला तोड़ कर अंदर घुसे थे। तीनों घरों से करीब 20 लाख के जवेरात आदि उठा ले गए। सूचना पर कोतवाल, चौकी इंचार्ज और फोरेसिंक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
जगदीशपुर उर्फ लहुरा देवा के उसरी पुरवा निवासी विवेक तिवारी पुत्र देवेंद्र तिवारी का परिवार शुक्रवार की रात भाेजन करके घर में सो रहे थे। रात में चोर घर के सामने का दरवाजे का ताला तोड़कर विवेक तिवारी के घर में चोर घुस गए। चोर इनके घर से चार जोड़ी पायल ,तीन अदद अंगूठी ,दो अदद सोने की चेन, कान की बाली और 40,000 रुपये नकदी उठा ले गए।
वहां से थोड़ी दूर पर स्थित राजेश तिवारी पुत्र रामसुभग तिवारी के घर छत के रास्ते चोर अदंर घुस गए और घर को खंगाला। इनके घर से चोरों ने दो अदद सोने की चेन, दो अदद सोने का हार, दो अदद सोने का झुमका , छह जोड़ी कान की बाली, छह अदद अंगूठी, मांग टीका, पायल, बिछिया, मंगलसूत्र और 55,000 रुपये नकदी उठा ले गए।
इसी तरह चोर बृजमोहन तिवारी पुत्र रामसुमेर तिवारी के छत के रास्ते अंदर घुस गए। इनके छत का दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में सो रही दो महिलाओं को दरवाजे की कुंडी बंद करके अंदर कैद कर दिया। इनके घर से चोर झुमका, मंगलसूत्र, दस अदद चांदी का सिक्का, चेन ,पायल ,दो अदद अंगूठी , नथिया ,बिदिया और 25,000 रुपये नकदी उठा ले गए।
पीड़ित परिजनों ने बताया कि तीनों घरों से करीब 20 लाख के जेवरात आदि चोरी हुए हैं। लोगों को शनिवार सुबह चोरी की घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर कोतवाल सर्वेश राय ,कांटे चौकी प्रभारी हरेंद्र राय और फोरेसिंक टीम मौके पर पहुंची। फोरेसिंक टीम ने जांच पड़ताल की। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।