धनघटा। रकम लेकर जमीन का बैनामा नहीं करने के आरोप में महुली पुलिस ने मंगलवार को तिलठा गांव निवासी बाप-बेटे समेत चार के खिलाफ जालसाजी और गबन के आरोप में केस दर्ज किया।
बैडडवा गांव निवासी रेखा उपाध्याय पत्नी वेदव्रत उपाध्याय का आरोप है कि तिलठा गांव निवासी रामजीत, शिवदत्त, चंद्रशेखर व देवदत्त ने अपनी जमीन का विक्रय करने के लिए 3,50000 रुपये में सौदा तय किया था। तय कीमत में 2,80000 रुपये विपक्षी रामजीत के खाते में और 5,300 रुपये नकद दिए। शेष बकाया 54,700 रुपये चेक के जरिए विक्रय करते समय अदा करने की बात तय की गई थी।
उनके जरिए चेक तैयार कराकर रजिस्ट्री ऑफिस गई, लेकिन आरोपी नहीं आए। जब वह उनके पास रकम मांगने गई तो आरोपियों ने उन्हें अपशब्द कहा और रकम देने से मना कर दिया। आरोप है कि जान से मारने की धमकी भी देने लगे। एसओ संतोष मिश्रा ने बताया कि रामजीत, शिवदत्त, चंद्रशेखर व देवदत्त के खिलाफ जालसाजी और गबन का केस दर्ज किया गया। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।