- नगर पंचायतों में 50-50 लाख और नगर पालिका में एक करोड़ रुपये होंगे खर्च
- नगरीय क्षेत्रों को हरित पट्टी के रूप में विकसित करने की योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। नगरीय क्षेत्र को हरित पट्टी के रूप में विकसित करने की प्रशासन ने तैयारी कर ली है। इसके तहत उपवन योजना के तहत नगर पालिका खलीलाबाद और सातों नगर निकायों में हरियाली लाई जाएगी। नगर पालिका में एक करोड़ तो नगर निकायों में 50-50 लाख रुपये खर्च होंगे। प्रशासन ने इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया है।
जिले में नगर पालिका परिषद खलीलाबाद सहित सात नगर पंचायतें हैं। इनमें नगर पंचायत मगहर, हरिहरपुर, मेंहदावल, बखिरा, धनघटा, बेलहरकला, धर्मसिंहवा शामिल हैं। वर्तमान में नगर पालिका परिषद सहित नगर पंचायतों में हरियाली गायब हो गई है। छांव के लिए भी पेड़ नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में प्रशासन की तरफ से शहर और नगर निकायों में हरियाली लाई जाएगी। इसके लिए सभी अधिशासी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र का प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराया है।
डीएम से सभी प्रस्तावों को शासन की स्वीकृति के लिए भेज दी है। दूसरी तरफ नगरीय क्षेत्रों में भूमि भी चिह्नित कर ली गई है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही नगर पालिका और नगर पंचायतों को हरा भरा करने के लिए काम शुरू हो जाएगा।
पौधरोपण के लिए वन विभाग को भी दिए गए हैं निर्देश
नगरीय क्षेत्रों की खाली पड़ी भूमि पर पौधरोपण के लिए वन विभाग को भी निर्देशित किया गया है। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि जहां पर पौधे लगाए जाएं वहां पौधों की सुरक्षा के लिए भी कदम उठाए जाएं। लोगों को भी जागरूक कर इस अभियान से जोड़ा जाए। इससे नगरीय क्षेत्र में आने वाले लोगों को हरियाली मिलेगी, वहीं छांव के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
नगरीय क्षेत्र में हरियाली लाने के लिए तैयारी की जा रही है। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद सहित नगर निकायाें में इस कार्य पर करीब साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही इसकी मंजूरी मिल जाएगी। इससे लोगों को राहत मिलेगी।
- महेंद्र सिंह तंवर,
डीएम