संतकबीरनगर। खुले में रखे ट्रांसफार्मर की सुरक्षा के लिए विद्युत निगम के जिम्मेदार जाग गए हैं। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर ट्रांसफार्मर की सुरक्षा के लिए कार्य शुरू किए गए। इस दौरान मेंहदावल बाईपास पर ट्रांसफार्मर पर जाली लगाने के साथ ढीले विद्युत तारों को ठीक किया गया।
अमर उजाला ने 13 मार्च के अंक में गर्मी में काल न बन जाएं खुले में रखे ट्रांंसफार्मर शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था, जिसमें शहर से लेकर गांव तक खुले में रखे ट्रांसफार्मर से होने वाली दिक्कतों को उठाया गया था। विद्युत निगम के अधिकारियों ने खबर का संज्ञान में लेते हुए सुबह से कर्मचारियों को खुले में रखे ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के इंतजाम में लगा दिया। इस दौरान मेंहदावल बाईपास पर विद्युत कर्मियों ने जाली लगाने का कार्य किया। इसके साथ लटके हुए विद्युत तारों को टाइट करने के साथ सुरक्षा के अन्य इंतजाम किए। इसी प्रकार शहर के अन्य हिस्सों में भी कार्य कराए गए। अधिशासी अभियंता विद्युत निगम दिव्य रंजन ने कहा कि ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।