- शहर के आजाद चौक पर हुई बरामदगी, रकम के कागजात नहीं दिखा पाए वाहन स्वामी
- मजिस्ट्रेट की अगुवाई में टीम ने कोतवाली ले जाकर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उड़नदस्ता ने बृहस्पतिवार को शहर के आजाद चौक के पास जांच के दौरान वाहन से पांच लाख रुपये बरामद किए। वाहन स्वामी रकम के कागजात नहीं दिखा पाए। जिसके बाद मजिस्ट्रेट के अगुवाई में टीम ने रुपये को जब्त कर लिया। साथ ही कोतवाली खलीलाबाद में ले जाकर कानूनी कार्रवाई करते हुए कोषागार में रुपये जमा करा दिए।
शहर के आजाद चौक पर मजिस्ट्रेट जितेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में उड़नदस्ता वाहन की जांच कर रही थी। इस दौरान टीम ने बाइक की डिकी से पांच लाख रुपये बरामद किए। उड़नदस्ता के प्रभारी मजिस्ट्रेट ने बताया कि समय माता मंदिर स्थित आजाद चौक के पास टीम के साथ वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान शहर के माली टोला निवासी स्वतंत्र कुमार जायसवाल की बाइक की डिकी की जांच की गई। इसमें पांच लाख रुपये बरामद हुए।
पूछताछ के बाद वाहन स्वामी स्वतंत्र कुमार रुपये के संबंध में आवश्यक कागजात व विवरण नहीं दिखा पाए। जिसके बाद बरामद रुपये जब्त करके कोतवाली खलीलाबाद में ले जाकर कानूनी कार्रवाई की गई। साथ ही आयोग को भी मामले में बरामद रुपये के संबंध में सूचना दे दी गई।