55 मामले आए, पांच का मौके पर निस्तारण
- धर्मसिंहवा सहित विभिन्न थानों पर आयोजित हुआ समाधान दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम प्रेमरंजन सिंह व एसपी सोनम कुमार की मौजूदगी में शनिवार को थाना धर्मसिहंवा पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जहां पर फरियादियों से उनकी समस्याओं को मौके पर सुना गया तथा वहां मौजूद संबंधित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का शतप्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिले के थानों पर समाधान दिवस आयोजित हुए। जिसमें कुल 55 मामले आए, जिसमें से मौके पर पांच का निस्तारण किया गया।
धर्मसिंहवा में डीएम व एसपी ने निर्देश दिया कि राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों का निस्तारण आपसी सामंजस्य से सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न की जाए, जिससे आम जनमानस को बिना वजह परेशान होना पड़े। इस दौरान राजस्व व पुलिस के अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे। एसपी सोनम कुमार ने बताया कि जिले के खलीलाबाद में पांच मामले आए, जिसमें दो मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया है। इसी प्रकार धनघटा में 15 मामले आए, जिसमें एक का निस्तारण हुआ। दुधारा में तीन मामले आए, किसी का निस्तारण नहीं हुआ। महुली में सात, बखिरा में छह और धर्मसिंहवा में एक मामला आया, जिसके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
इसी प्रकार मेंहदावल में 10 मामले आए, जिसमें एक का निस्तारण हुआ, जबकि बेलहरकला में आठ मामले आए, जिसमें एक का निस्तारण हुआ। उन्होंने कहा कि जो मामले निस्तारित नहीं हुए हैं, उनके निस्तारण के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की टीम बनाकर मौके पर जाकर शिकायतों का शत प्रतिशत निष्पक्ष निस्तारण कराने के लिए संबंधित को निर्देशित किया गया है।